खोले के हनुमानजी मंदिर में 29 नवंबर को लख्खी अन्नकूट महोत्सव, 2 लाख से अधिक श्रद्धालु पाएंगे प्रसादी
एक चूल्हा, ढाई किलो अन्न और कुछ श्रद्धालुओं से शुरू हुई अन्नकूट महोत्सव की परंपरा आज लाखों भक्तों की आस्था का उत्सव बन चुकी है। जयपुर के श्री खोले के हनुमानजी मंदिर में 66वां लख्खी अन्नकूट महोत्सव 29 नवंबर 2026 को आयोजित होगा। दो लाख से अधिक श्रद्धालु पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण करेंगे। इसके लिए 61 भट्टियों और 22 चूल्हों पर हजारों किलो प्रसादी तैयार की जाएगी। भगवान के छप्पन भोग के लिए अलग से 5 टन प्रसादी बनाई जाएगी।
महोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ बुधवार को भट्टी पूजन के साथ हुआ। इसके साथ ही भगवान के छप्पन भोग की प्रसादी बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। शनिवार से अन्नकूट की अन्य तरह की प्रसादी तैयार होने लगेगी। मंदिर परिसर को भी आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।
श्री नरवर आश्रम सेवा समिति के महामंत्री ने बताया कि संस्थापक ब्रह्मलीन संत राधेलाल चौबे महाराज की प्रेरणा से आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
सुबह 11:30 बजे होगी महाआरती, दोपहर 12 बजे से पंगत प्रसादी शुरू l
29 नवंबर को सुबह 11:30 बजे श्री हनुमानजी महाराज की महाआरती होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे से अन्नकूट पंगत प्रसादी शुरू होगी, जो रात 10 बजे तक अनवरत चलेगी। श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने और प्रसादी ग्रहण करवाने के लिए समिति की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
65 साल पहले छोटे स्तर से हुई थी शुरुआत l
अन्नकूट महोत्सव की शुरुआत करीब 65 साल पहले छोटे स्तर पर हुई थी। उस समय एक चूल्हे पर महज ढाई किलो अन्न तैयार किया गया था। धीरे-धीरे श्रद्धालुओं की आस्था और सहभागिता बढ़ती गई और आयोजन ने लख्खी महोत्सव का स्वरूप ले लिया।
आज इसी परंपरा में हजारों किलो प्रसादी तैयार होती है और दो लाख से अधिक श्रद्धालु पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण करते हैं। एक चूल्हे से शुरू हुआ यह सफर अब 61 भट्टियों और 22 चूल्हों तक पहुंच गया है।