जर्मनी में 1,200 पेड़ों से बनाया दुनिया का सबसे बड़ा क्रिसमस ट्री, 1.38 लाख लाइटों से जगमगाया बाजार
बर्लिन। जर्मनी के डॉर्टमुंड शहर में 129 साल पुराना क्रिसमस मार्केट सजकर तैयार हो गया है। यहां 1,200 पेड़ों को जोड़कर 148 फीट ऊंचा विशाल क्रिसमस ट्री बनाया गया है, जिसे समाचार रिपोर्ट में दुनिया का सबसे बड़ा क्रिसमस ट्री बताया गया है।
करीब 40 टन वजनी इस क्रिसमस ट्री को 1.38 लाख लाइटों से सजाया गया है। इसकी आकर्षक रोशनी और भव्य सजावट बाजार में आने वाले लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है।
क्रिसमस ट्री बनाने में खर्च हुए 2.84 करोड़ रुपये
खरीदारों को आकर्षित करने के लिए डॉर्टमुंड के क्रिसमस मार्केट में वर्ष 1996 से लगातार विशाल क्रिसमस ट्री बनाए जा रहे हैं। इस बार ट्री को तैयार करने में करीब 2.84 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
250 से अधिक दुकानों से सजा क्रिसमस मार्केट
इस ऐतिहासिक क्रिसमस मार्केट में 250 से ज्यादा दुकानें लगाई गई हैं, जहां क्रिसमस गिफ्ट, सजावट का सामान और खाने-पीने की विभिन्न वस्तुएं उपलब्ध हैं।
पिछले साल विशाल क्रिसमस ट्री के आकर्षण के चलते करीब 25 लाख लोग इस बाजार में पहुंचे थे।